कोरबा पुलिस ने सड़क हादसों को रोकने के लिए चलाए जा रहे ‘सजग कोरबा, सतर्क कोरबा’ अभियान के तहत शराब पीकर वाहन चलाने वाले 20 चालकों पर कार्रवाई की है। जिलेभर में विशेष जांच अभियान चलाकर नशे में वाहन चला रहे लोगों को पकड़ा गया। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले के सभी थाना और यातायात पुलिस ने मुख्य सड़कों और संवेदनशील स्थानों पर चेकिंग की। ब्रेथ एनालाइजर से जांच के दौरान 20 चालक शराब के नशे में वाहन चलाते मिले। पकड़े गए लोगों में 8 चार पहिया और 12 दो पहिया वाहन चालक शामिल हैं। सभी के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस के मुताबिक 1 जनवरी 2024 से अब तक जिले में शराब पीकर वाहन चलाने वाले 1143 चालकों पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की जा चुकी है। सड़क सुरक्षा के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।

