Homeछत्तीसगढ़महादेव सट्टा एप पर ईडी का बड़ा एक्शन, विकास गर्ग की 940.77...

महादेव सट्टा एप पर ईडी का बड़ा एक्शन, विकास गर्ग की 940.77 करोड़ की संपत्तियां जब्त

रायपुर। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने महादेव ऑनलाइन सट्टा एप मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी विकास गर्ग और उनके परिवार के सदस्यों के स्वामित्व एवं नियंत्रण वाली संस्थाओं की करीब 940.77 करोड़ रुपये मूल्य की चल और अचल संपत्तियां अस्थायी रूप से जब्त (अटैच) कर ली हैं। यह कार्रवाई मनी लॉन्ड्रिंग रोकथाम अधिनियम (पीएमएलए), 2002 के तहत ईडी के रायपुर ज़ोनल कार्यालय ने की है।
ईडी के अनुसार, जब्त की गई संपत्तियों में रिहायशी मकान, जमीन, इक्विटी शेयर और अन्य सिक्योरिटीज़ शामिल हैं। जांच छत्तीसगढ़, आंध्र प्रदेश, पश्चिम बंगाल समेत विभिन्न राज्यों में दर्ज एफआईआर के आधार पर शुरू की गई थी, जिनमें अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी, आपराधिक साजिश, धोखाधड़ी और जालसाजी के आरोप शामिल हैं।
हर महीने 450 करोड़ से ज्यादा की कमाई का आरोप
ईडी की जांच में सामने आया कि महादेव ऑनलाइन बुक और स्काईएक्सचेंज का सट्टा सिंडिकेट विदेश से संचालित फ्रेंचाइज़ी आधारित पैनल नेटवर्क के जरिए काम करता था और अवैध सट्टेबाजी से हर महीने 450 करोड़ रुपये से अधिक की अपराध से अर्जित आय हासिल की जाती थी।
शेल कंपनियों के जरिए हुई मनी लॉन्ड्रिंग
जांच एजेंसी के मुताबिक, अवैध कमाई को वैध दिखाने के लिए शेल कंपनियों और फर्जी लेन-देन का सहारा लिया गया। करीब 940.77 करोड़ रुपये की रकम विकास गर्ग से जुड़ी संस्थाओं में भेजी गई, जिसका इस्तेमाल शेयर, सिक्योरिटीज़ और अन्य संपत्तियां खरीदने में किया गया।
अब तक 3,800 करोड़ की संपत्तियां जब्त
ईडी ने बताया कि इस मामले में पहले ही सात प्रोविजनल अटैचमेंट ऑर्डर जारी किए जा चुके हैं। इससे पहले करीब 2,825 करोड़ रुपये की संपत्तियां, जिनमें विदेशी संपत्तियां भी शामिल हैं, जब्त की जा चुकी हैं। ताजा कार्रवाई के बाद महादेव सट्टा एप मामले में अब तक जब्त संपत्तियों का कुल मूल्य करीब 3,800 करोड़ रुपये पहुंच गया है। मामले की जांच अभी भी जारी है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments