Homeखेलफीफा वर्ल्ड कप : रोमांचक मुकाबले में इंग्लैंड की जीत, मेक्सिको को...

फीफा वर्ल्ड कप : रोमांचक मुकाबले में इंग्लैंड की जीत, मेक्सिको को 3-2 से दी मात

नई दिल्ली। इंग्लैंड ने फीफा वर्ल्ड कप 2026 के क्वार्टर फाइनल का टिकट कटा लिया है। रोमांच से भरपूर मुकाबले में इंग्लिश टीम ने मेक्सिको को 3-2 से हराया। इस हार के साथ ही मेक्सिको का विश्व कप में सफर समाप्त हो गया है। इंग्लैंड की ओर से इस अहम मुकाबले में जूड बेलिंगहम ने दो गोल दागे। वहीं, कप्तान हैरी केन ने भी एक गोल किया। मेक्सिको की तरफ से क्विनोन्स और राउल जिमिनेज ने एक-एक गोल किया। खराब मौसम के कारण देरी से शुरू हुए मैच की शुरुआत दोनों ही टीमों की तरफ से बेहद आक्रामक रही। इंग्लैंड और मेक्सिको की तरफ से लगातार हमले किए गए। इंग्लैंड की टीम मुकाबले का पहला गोल करने में सफल रही। मैच के 36वें मिनट में जूड बेलिंगहम ने टीम की ओर से पहला गोल दागा। इसके बाद मैच के 38वें मिनट में बेलिंगहम ने इंग्लैंड की बढ़त को जल्द ही दोगुना कर दिया। दोनों गोलों के बीच अंतर सिर्फ 98 सेकंड का रहा। हालांकि, मेक्सिको ने जल्द ही मुकाबले में वापसी की। टीम की ओर से क्विनोन्स ने मैच के 42वें मिनट में मेक्सिको के लिए पहला गोल किया। हालांकि, पहले हाफ के अंत तक इंग्लैंड 2-1 की बढ़त कायम रखने में सफल रहा। दूसरे हाफ की शुरुआत में ही इंग्लैंड को उस वक्त बड़ा झटका लगा, जब इंग्लैंड के खिलाड़ी जारेल क्वान्सा को जीसस गैलार्डो को गलत तरीके से चैलेंज करने के कारण रेफरी ने रेड कार्ड थमा दिया। क्वान्सा फीफा वर्ल्ड कप इतिहास में रेड कार्ड पाने वाले चौथे इंग्लिश खिलाड़ी बने। हालांकि, इसके बाद इंग्लैंड को बचे हुए मुकाबले में 10 खिलाडिय़ों के साथ खेलने के लिए मजबूर होना पड़ा। मैच के 60वें मिनट में मेक्सिको के गोलकीपर राउल रेंजेल ने पेनल्टी बॉक्स में एंथनी गॉर्डन को गिरा दिया, जिसके बाद इंग्लैंड को पेनल्टी दी गई। इस पेनल्टी का पूरा फायदा उठाते हुए हैरी केन ने इस विश्व कप में अपना छठा गोल किया और टीम की बढ़त को 3-1 कर दिया। मैच के 69वें मिनट में इंग्लैंड के कप्तान हैरी केन ब्रायन गुटिरेज को रोकने के प्रयास में फाउल कर बैठे। वीएआर जांच के बाद इस बार मेक्सिको को पेनल्टी मिली, जिसे गोल में तब्दील करने में राउल जिमिनेज ने कोई गलती नहीं की। इसके बाद भी मेक्सिको ने बराबरी के लिए अगले 20 मिनटों में पूरा जोर लगाया, लेकिन टीम इंग्लैंड के डिफेंस को नहीं भेद सकी। मैच के अंतिम क्षणों में इंग्लिश गोलकीपर पिकफोर्ड ने कई शानदार बचाव किए और इंग्लैंड की जीत पर मुहर लगा दी। इंग्लैंड की क्वार्टर फाइनल में अब भिड़ंत 12 जुलाई को नॉर्वे से होगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments